Vrikshathon 2025/जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जमशेदपुर वन प्रमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एक विशेष वृक्षाथोन दौड़ का आयोजन किया गया। सोनारी स्थित वन भवन परिसर से प्रारंभ होकर यह दौड़ कुल 7 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पुनः वन भवन परिसर में समाप्त हुई।
इस आयोजन में हजारों की संख्या में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश दिया।इस मौके पर जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने डी.एफ.ओ. सबा आलम अंसारी के साथ संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
इस वर्ष की थीम रही — “प्लास्टिक मुक्त भारत का संकल्प”, जिसे सभी प्रतिभागियों ने समर्थन दिया।उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं और लोगों से अपील की कि वे अपने निजी जीवन में ऐसे छोटे-छोटे बदलाव लाएं, जिससे पर्यावरण की रक्षा संभव हो सके। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग को समाप्त करना आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है।
डी.एफ.ओ. सबा आलम अंसारी ने बताया कि वन विभाग पूरे वर्षभर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम करता है और वृक्षाथोन भी इसी कड़ी का एक हिस्सा है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का प्रयोग न करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।