Vote Fraud Protest: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान कथित रूप से वोट चोरी और फर्जी वोटिंग के मामलों को लेकर जमशेदपुर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे राष्ट्रीय आंदोलन को समर्थन देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम मशाल जुलूस निकाला।
साकची से गोलचक्कर तक गूंजे नारे
जुलूस साकची रामलीला मैदान से शुरू होकर साकची गोलचक्कर तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें थामे चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भीड़ में मौजूद कार्यकर्ता “मतदान का अधिकार हमारा है” और “फर्जी वोटिंग बंद करो” जैसे नारे लगाते नजर आए।
युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
जुलूस का नेतृत्व झारखंड युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्यम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में वीर महापुरुषों ने अपने बलिदान से जनता को मतदान का अधिकार दिलाया था, लेकिन आज यह अधिकार छीना जा रहा है। उनका आरोप था कि लाखों फर्जी मतदाताओं के जरिए मतदान कराया जा रहा है, जबकि असली मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन का ऐलान
सिंह ने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने घोषणा की कि इस मुद्दे पर राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन तेज़ किया जाएगा और तब तक जारी रहेगा जब तक चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष नहीं हो जाती।