Valmiki Nagar Incident: गम्हरिया के वाल्मीकि नगर क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक किराए के मकान से एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पाया गया। स्थानीय लोगों ने जब दरवाजा खटखटाया और भीतर झांका, तो देखा कि व्यक्ति पूरी तरह निर्वस्त्र था और उसके मुंह से झाग निकल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की तत्परता से बची जान
सूचना मिलने पर गम्हरिया ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू कर व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को गंभीर बताते हुए उसे एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया।
व्यक्ति की पहचान‚ घाटशिला निवासी के रूप में हुई
बाद में पुलिस ने उसकी पहचान निरंजन प्रसाद के रूप में की, जो पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला क्षेत्र का रहने वाला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह गम्हरिया में एक निजी कंपनी में ठेका मजदूर के रूप में काम करता था और हाल ही में ही वाल्मीकि नगर स्थित उक्त किराए के मकान में रहने आया था।
खुदकुशी की आशंका‚ जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुट गई है। प्राथमिक स्तर पर खुदकुशी की कोशिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति ने कोई जहरीला पदार्थ खाया था या कोई और कारण था। पुलिस मकान मालिक और पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है और व्यक्ति के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इलाज जारी‚ स्थिति बनी गंभीर
एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में डॉक्टरों की निगरानी में निरंजन प्रसाद का इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।