Uttam Yadav gangster video : हजारीबाग/चतरा। उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में अपराध की दुनिया में उत्तम यादव का नाम तेजी से उभर कर सामने आ रहा है। चतरा जिले का रहने वाला यह अपराधी अब खुद को गैंगस्टर घोषित कर रहा है। हाल ही में हजारीबाग में हुए गोलीकांड की जिम्मेदारी लेते हुए उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह हथियार लहराते हुए खुलेआम धमकी देता नजर आ रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। उत्तम यादव का आपराधिक इतिहास पहले से ही लंबा रहा है। उस पर छात्राओं से छेड़खानी, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, और अन्य संगीन धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह कई बार जेल जा चुका है और इस समय भी पुलिस की निगरानी में है।वीडियो में वह खुद को “उत्तरी छोटानागपुर का नया गैंगस्टर” बताकर पुलिस और आम जनता को खुली चुनौती दे रहा है। पुलिस ने वीडियो की प्रामाणिकता की जांच शुरू कर दी है और हजारीबाग गोलीकांड में उसकी संलिप्तता की भी तफ्तीश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि वीडियो की सत्यता सिद्ध होती है, तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न सिर्फ राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सोशल मीडिया अपराधियों का नया मंच बनता जा रहा है।