Seraikela police Death/सरायकेला: एक दर्दनाक सड़क हादसे में सरायकेला थाना क्षेत्र के हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास रविवार देर रात ड्यूटी पर लौट रहे एक आरक्षी की मौत हो गई। मृतक आरक्षी की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के मालूका गांव निवासी कमल किशोर बोंगबोंगा (36) के रूप में हुई है।
वे सरायकेला के दुगनी पुलिस केंद्र में पदस्थापित थे। घटना उस समय हुई जब वे अपने दस दिन के नवजात पुत्र से मिलकर छुट्टी के बाद ड्यूटी ज्वाइन करने लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे बाइक (JH06J 7360) से सरायकेला लौटते वक्त उन्हें एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद आरक्षी को तत्काल सदर अस्पताल सरायकेला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षी कमल किशोर को 4 जून को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। वे 14 जून को छुट्टी लेकर अपने नवजात बेटे से मिलने गांव गए थे।
हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। शहीद आरक्षी अपने पीछे पत्नी, एक 6 वर्षीय बेटा और 10 दिन के नवजात को छोड़ गए हैं। पूरे पुलिस महकमे में घटना से शोक की लहर है।