Purulia accident : सरायकेला: एक शादी का जश्न कुछ ही घंटों में मातम में तब्दील हो गया जब पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में एक बॉलोरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से बारात में शामिल 9 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।मृतक सभी सरायकेला जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के तिलाईटाड़ गांव के निवासी थे।
वे चौका थाना क्षेत्र के ईचागढ़ के गौरांगकोचा गांव निवासी टिंकू महतो की शादी में बाराती बनकर पश्चिम बंगाल के बंदवान प्रखंड के अदाबना गांव गए थे।शादी संपन्न होने के बाद वे शुक्रवार की सुबह लगभग 7 बजे बॉलोरो गाड़ी से लौट रहे थे। रास्ते में पुरुलिया-टाटा राज्य मार्ग-18 पर नामशोल के पास वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
चालक चित्तरंजन महतो की लापरवाही को हादसे का कारण बताया जा रहा है।हादसे में जिनकी मौत हुई, उनमें चित्तरंजन महतो (मुरु), शशांक महतो (लेवाटाड़), बांका उर्फ चंद्रमोहन महतो (रघुनाथपुर), बीरु महतो, अजय महतो, विजय महतो, सपन महतो, गुरुपद महतो और मुंडा उर्फ कृष्णा महतो शामिल हैं।घटना की खबर मिलते ही तिलाईटाड़ गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बीरु महतो की पत्नी की स्थिति बिगड़ने पर उसे सलाइन दी जा रही है जबकि कृष्णा महतो की मां बेटे की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गई।मृतक सभी टिंकू महतो के बचपन के दोस्त थे। टिंकू अपने मामा के घर तिलाईटाड़ में रहते हुए इन सभी से जुड़ाव बनाए रखा था। शादी के मौके पर सभी ने वादा किया था कि “शादी तो कराएंगे ही, साथ जश्न भी मनाएंगे” लेकिन किसे पता था कि वे लौटकर कभी घर नहीं आएंगे।