Patna Rape Protest:बिहार की राजधानी पटना में नेपाल की एक युवती के साथ दो दिनों तक बस ड्राइवर द्वारा किए गए दुष्कर्म की घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। इस घिनौनी घटना के विरोध में झारखंड की राजधानी रांची में गोरखा समाज के लोगों ने आज शहीद गोरखा चौक पर सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में “We Want Justice” और “दुष्कर्म के आरोपी को फांसी दो” जैसे नारे लिखी तख्तियां थाम रखी थीं।
नौकरी के बहाने बुलाया‚ बस में दो दिन तक किया दुष्कर्म
मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल की रहने वाली एक युवती सिलीगुड़ी होते हुए पटना पहुंची थी। वहीं उसे एक बस ड्राइवर ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया और फिर दो दिनों तक बस में ही उसके साथ दुष्कर्म किया। इस शर्मनाक अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया है। पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी है और मामला दर्ज किया गया है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
रांची में गूंजे नारे‚ इंसाफ की मांग पर अड़े प्रदर्शनकारी
रांची में विरोध प्रदर्शन के दौरान गोरखा समाज के लोग आक्रोशित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह केवल एक लड़की के साथ अन्याय नहीं‚ बल्कि पूरे नेपाली समुदाय के सम्मान पर हमला है। समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर फांसी की सज़ा दी जाए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक दोषी को कड़ी सजा नहीं दी जाती‚ तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। समाज के लोगों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे।