Naxalite Leader Arrested : गुमला पुलिस और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के केंद्रीय कमेटी के उपाध्यक्ष दुर्गा सिंह उर्फ प्रभाकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी गुमला जिले के कामडरा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने एक विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। गुमला एसपी ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है और इसे पुलिस प्रशासन की एक बड़ी उपलब्धि बताया है।
कोल्हान में सक्रिय था दुर्गा सिंह, लेवी वसूली में था माहिर
गिरफ्तार किए गए दुर्गा सिंह को झारखंड के विभिन्न हिस्सों में लेवी वसूली और नक्सली गतिविधियों के लिए जाना जाता था। वह कारोबारियों और ठेकेदारों को धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था। फरवरी में कोल्हान के सारंडा जंगल में पीएलएफआई की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें संगठन की नई कमेटी गठित हुई थी। इस बैठक में मार्टिन केरकेट्टा को अध्यक्ष और दुर्गा सिंह को उपाध्यक्ष चुना गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि यह संगठन राज्य में अपने नक्सली नेटवर्क को और मजबूत करने की योजना बना रहा था।
डीजीपी ने दिया था सख्त निर्देश, तेज हुआ सर्च ऑपरेशन
झारखंड पुलिस के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने राज्य के सभी पुलिस बलों को निर्देश दिया है कि नक्सलियों के सफाए के लिए लगातार ऑपरेशन चलाए जाएं। इसी क्रम में गुमला, कोल्हान, सारंडा जंगल और अन्य नक्सल प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद नक्सल गतिविधियों को जड़ से खत्म करना और प्रभावित इलाकों में शांति स्थापित करना है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलेंगे और राज
गुमला पुलिस गुरुवार को इस गिरफ्तारी पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने जा रही है, जिसमें मामले से जुड़ी अहम जानकारियाँ साझा की जाएंगी। पुलिस यह भी बताएगी कि दुर्गा सिंह की गिरफ्तारी से नक्सली संगठन को कितना बड़ा झटका लगा है और आगे किन अन्य बड़े नेताओं पर कार्रवाई की योजना है। पुलिस का मानना है कि इस सफलता से झारखंड में नक्सलियों के नेटवर्क को तोड़ने में मदद मिलेगी और आने वाले दिनों में और भी कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।