Monsoon Delay:झारखंड में मानसून की देरी के कारण भीषण गर्मी और उमस लोगों की परेशानियों का कारण बन गई है। राज्य के पश्चिमी और उत्तरी जिलों, विशेषकर पलामू, लातेहार, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
गुरुवार को पलामू में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद झारखंड में मानसून की दस्तक के साथ झमाझम बारिश की संभावना है।
फिलहाल, आसमान में आंशिक बादल और चुभती धूप के कारण गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।राज्य की राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल से सटे पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, दुमका, देवघर, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद और बोकारो जैसे जिलों में गर्मी और उमस ने लोगों को दिन-रात बेहाल कर रखा है।
हवा में आर्द्रता 46% से 92% के बीच है, जिससे धूप और ज्यादा तीखी लग रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक मानसून नहीं आता, तब तक झारखंडवासियों को राहत मिलना मुश्किल है।