JMM Chas Meeting:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने शहरी इलाकों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए एक अहम रणनीतिक पहल की है। इसी क्रम में आज चास नगर समिति के लिए वर्ग संगठनों के गठन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन मारवाड़ी पंचायत भवन में किया गया।
यह बैठक चास नगर अध्यक्ष प्रमोद तापड़िया की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जबकि इसका संचालन चास नगर सचिव भागीरथ शर्मा ने किया।बैठक में झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्पष्ट निर्देश हैं कि शहरी क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करना और जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता का कर्तव्य है।

उन्होंने वर्ग संगठनों को मजबूत बनाकर हर वार्ड और ब्रांच में संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया।बैठक के दौरान झामुमो की सदस्यता अभियान को भी गति मिली, जब संजय केजरीवाल के नेतृत्व में दर्जनों महिला और पुरुषों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे चास नगर में झामुमो का आधार और भी सशक्त हुआ है। मंटू यादव ने स्पष्ट किया कि हर घर तक पार्टी की उपस्थिति सुनिश्चित करना झामुमो का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में अयूब अंसारी, अकलू मांझी, आलोक सिंह, नैयर जमाल, राकेश सिन्हा, बम पांडे, सुमन वर्मा, दीपक बंसल, सावित्री बाउरी, रूबी खातून, मेलू सिन्हा, आरती कुमारी, सुनील सिंह, नवल राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।यह आयोजन झामुमो की सांगठनिक मजबूती और शहरी जनसंपर्क को गहरा करने की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है।