Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से 24 घंटे के भीतर उनका इस्तीफा लेने की मांग की. अंसारी ने आरोप लगाया कि देश में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि वोट चोरी की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
भाजपा और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि बिहार, बंगाल और महाराष्ट्र में चुनाव के दौरान चुनाव आयोग के तंत्र और मशीनों का दुरुपयोग हुआ. अंसारी ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार की जगह चुनाव आयोग में नहीं, बल्कि जेल में है. यह उनका आरोप है.
SIR प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
स्वास्थ्य मंत्री ने झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों, खासकर गरीब परिवारों को परेशानी हो रही है. अंसारी के मुताबिक, फॉर्म में कई ऐसे कॉलम हैं, जिन्हें भरना लोगों के लिए मुश्किल है. उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों के घर जल गए हैं या जमीन से जुड़े दस्तावेज खो गए हैं, वे जरूरी कागजात कहां से लाएंगे. उन्होंने दावा किया कि कई लोग फॉर्म भरवाने के लिए दूसरों की मदद ले रहे हैं और इसके लिए पैसे भी खर्च कर रहे हैं. इससे लोगों के काम-धंधे पर असर पड़ रहा है और उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है.
घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
अंसारी ने भाजपा पर देश में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया. झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसके नाम पर समाज में नफरत फैलाई जा रही है. उन्होंने दावा किया कि इसका असर स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों पर भी पड़ रहा है. अंसारी ने लोगों से धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव छोड़कर एकजुट रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए.
राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली कूच का दावा
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के आह्वान पर झारखंड से बड़ी संख्या में लोग अपने वोट, जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए दिल्ली जा रहे हैं. उन्होंने इसे शांतिपूर्ण आंदोलन बताया. अंसारी ने चेतावनी दी कि अगर ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं लिया गया, तो देशभर में बड़ा जनांदोलन खड़ा किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन आजादी के आंदोलन से भी बड़ा हो सकता है. स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र सरकार से इस मामले में जल्द कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लोगों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी.

