Chatra Love Affair News: चतरा के कान्हाचट्टी प्रखंड से प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है. एक युवती अपने प्रेमी से शादी की मांग को लेकर उसके घर पहुंची. बताया जा रहा है कि युवती के पहुंचने की जानकारी मिलते ही युवक और उसके परिजनों ने घर में ताला लगा दिया और वहां से चले गए. इसके बाद से युवती करीब 36 घंटे से घर के बंद दरवाजे के सामने बैठी है. वह प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ी हुई है.
तीन साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग
युवती सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है. उसका राजपुर थाना क्षेत्र के चारू गांव निवासी छोटू कुमार, पिता लालदेव दांगी के साथ पिछले तीन वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. युवती का कहना है कि दोनों शादी करना चाहते थे. लेकिन पिछले करीब 15 दिनों से छोटू कुमार शादी से इनकार कर रहा है.
राशन दुकान पर भी हुआ था विवाद
पिछले बुधवार को युवती युवक के गांव पाण्डेयमहुआ स्थित राशन दुकान पहुंची थी. वहां उसने छोटू कुमार को अपना पति बताते हुए शादी की बात रखी. इसके बाद युवती और युवक के परिजनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई. मामले को सामाजिक स्तर पर सुलझाने के लिए पंचायत के बुजुर्गों ने पहल की थी. शनिवार को पंचायत रखी गई थी, लेकिन किसी कारण से पंचायत नहीं हो सकी.
घर पहुंची तो दरवाजे पर मिला ताला
पंचायत नहीं होने के बाद युवती मंगलवार को दोबारा अपने प्रेमी के घर चारू पहुंच गई. बताया जाता है कि उसके पहुंचने की जानकारी मिलते ही युवक और उसके परिजनों ने घर में ताला लगा दिया और वहां से चले गए. जब युवती वहां पहुंची तो घर का दरवाजा बंद था. इसके बाद वह वहीं बैठ गई और प्रेमी से शादी की मांग करने लगी.
बारिश और ठंड के बीच भी बैठी रही
आसपास के लोगों के अनुसार, युवती करीब 36 घंटे से घर के बाहर बैठी हुई है. बताया जा रहा है कि वह भूख-प्यास की परवाह किए बिना वहीं बैठी है. ठंडी हवा और बारिश के बावजूद उसने वहां से हटने से इनकार किया है. युवती के घर के बाहर बैठे रहने की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच रहे हैं. गांव की पंचायत और आसपास के इलाकों में भी मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
युवक के परिजनों ने आरोपों को बताया गलत
इधर, युवक के परिजनों ने युवती के लगाए आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि युवती की ओर से लगाए जा रहे आरोप सही नहीं हैं. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह क्या है, यह स्पष्ट नहीं हो सका है.


