Chandil Crime News: सरायकेला-खरसावां के चांडिल बाजार में व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती की घटना पर केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि इस वारदात से इलाके के व्यवसायियों और स्थानीय परिवारों के बीच डर का माहौल है. संजय सेठ ने बताया कि उन्होंने इस मामले में सरायकेला-खरसावां के एसपी से बात की है. उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई करने, डकैती में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने और लूटे गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने को कहा है.
लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर
संजय सेठ ने कहा कि घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा का भरोसा बहाल करना जरूरी है. उन्होंने पुलिस से हर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की.
पत्रकार प्रकाश कुमार की ईमानदारी की सराहना
इस घटना के बीच हिंदुस्तान अखबार के पत्रकार प्रकाश कुमार के काम की भी संजय सेठ ने सराहना की. उन्होंने बताया कि घटना की कवरेज के लिए जाते समय प्रकाश कुमार को रास्ते में सोने के गहने मिले थे. पत्रकार ने ईमानदारी दिखाते हुए गहने पीड़ित परिवार को वापस लौटा दिए. संजय सेठ ने उनके इस कदम को मानवीय संवेदना और नैतिक मूल्यों की मिसाल बताया. उन्होंने प्रकाश कुमार के इस कार्य के लिए उनका अभिनंदन किया और साधुवाद दिया.


