Jharkhand corruption news : रांची: राजधानी रांची में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महानगर इकाई ने अंचल अधिकारी कार्यालय के समक्ष जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं में हो रही कथित लापरवाही, भ्रष्टाचार और सुरक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर था। इस अवसर पर रांची के विधायक सी.पी. सिंह, भाजपा के महानगर पदाधिकारी, और बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय परिसर में धरना भी दिया और नारेबाज़ी करते हुए प्रशासन से पारदर्शी और समयबद्ध सेवा की मांग की। विधायक सी.पी. सिंह ने कहा, “अब जनता का शोषण नहीं सहेगा झारखंड। घूसखोरी और काम में देरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
हालांकि, भाजपा के इस विरोध कार्यक्रम पर सत्तारूढ़ दलों ने पलटवार किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने भाजपा के प्रदर्शन को “नाकाम और खोखला” बताया। उन्होंने कहा, “रांची की जनता को विकास की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। भाजपा को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा।”
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा, “जो खुद भ्रष्टाचार में डूबे हैं, वे दूसरों को क्या सबक देंगे? जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखा दिया है और आगे भी सिखाएगी।”
इस प्रदर्शन और उस पर हुई तीखी प्रतिक्रियाओं ने झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का नया दौर शुरू कर दिया है। अब देखना यह है कि इन राजनीतिक घमासानों से आम जनता को क्या व्यावहारिक लाभ मिल पाता है।