Jamshedpur News: त्योहारों के मौसम में शहरवासियों को गरबा और डांडिया की मस्ती से जोड़ने के लिए द जश्न इवेंट की ओर से खास आयोजन किया जा रहा है. 14 अक्टूबर को बाराद्वारी मैदान में गरबा महोत्सव का आयोजन होगा. कार्यक्रम में शहर के लोग पारंपरिक गरबा और डांडिया का आनंद ले सकेंगे.
बेस्ट कपल समेत होंगी कई प्रतियोगिताएं
आयोजक मनीषा भुइयां और राज भुइयां ने बताया कि कार्यक्रम में गरबा और डांडिया के साथ कई प्रतियोगिताएं भी होंगी.
इसमें बेस्ट कपल समेत अलग-अलग प्रतियोगिताएं शामिल रहेंगी. प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे. कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को निःशुल्क डांडिया स्टिक भी उपलब्ध कराई जाएगी.
खाने-पीने के स्टॉल भी होंगे
गरबा महोत्सव में खान-पान के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे. आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम को परिवार के साथ आने वाले लोगों को ध्यान में रखकर आयोजित किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित और पारिवारिक माहौल में गरबा और डांडिया का आनंद लेने का मौका देना है.
पास से मिलेगी एंट्री
डांडिया नाइट में प्रवेश पास के जरिए होगा. इच्छुक लोग आयोजकों से संपर्क कर पास प्राप्त कर सकते हैं. आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोगों के भी शामिल होने की उम्मीद है. प्रेस वार्ता में मनीषा भुइयां, राज भुइयां, सुरजीत बेहरा और लवली गिल मौजूद रहे.


