Jamshedpur News: जमशेदपुर के सुंदरनगर चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक फल दुकान में जा घुसा. हादसे में दुकान का सामान बर्बाद हो गया. हालांकि, राहत की बात रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और आसपास मौजूद लोग बाल-बाल बच गए.
टक्कर से दुकान और फलों को नुकसान
जानकारी के अनुसार, ट्रक अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और सीधे फल दुकान में जा घुसा. टक्कर से दुकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. दुकान में रखे केले, सेब, संतरे समेत दूसरे फल सड़क पर बिखर गए. कई क्रेट भी टूट गए. दुकानदार के अनुसार, हादसे में काफी नुकसान हुआ है.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू की और यातायात व्यवस्था संभाली. हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने व्यस्त चौक पर भारी वाहनों की रफ्तार को लेकर चिंता जताई. उनका कहना है कि ऐसे इलाकों में वाहनों की गति पर नियंत्रण जरूरी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. ट्रक की तकनीकी स्थिति और चालक की लापरवाही के पहलुओं को भी देखा जा रहा है.


