Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर के गोलमुरी केनरा बैंक में हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने पांच संदिग्ध डकैतों की तस्वीरें जारी की हैं. पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से इनकी पहचान की गई है. 24 सितंबर को हुई इस डकैती में करीब 23 किलो सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटे गए थे. पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 20 टीमें बनाई हैं.
तीन आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने जिन पांच आरोपियों की तस्वीर जारी की है, उनमें से तीन की पहचान और पता सामने आया है. इनमें बिहार के समस्तीपुर जिले के चैत थाना क्षेत्र के रहने वाले प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार शामिल हैं. दूसरा आरोपी पटना के धनकडोभ के गोसाई गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका है. तीसरे की पहचान पश्चिम बंगाल के रानीगंज के तालपुकुर बस्ती गिरियापाड़ा निवासी अमन सिंह के रूप में हुई है. वहीं, दो अन्य आरोपियों के नाम और पते की जानकारी पुलिस को अभी नहीं मिल पाई है.
आरोपियों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम
पुलिस ने पांचों आरोपियों के संबंध में जानकारी देने वाले लोगों के लिए दो-दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है. फरार आरोपियों की तलाश में एसआईटी की 20 टीमें बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस के अनुसार, डकैती के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं.
तकनीकी साक्ष्यों से भी जांच जारी
पुलिस आरोपियों की गतिविधियों और उनके संभावित भागने के रास्तों की जानकारी जुटा रही है. इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों की तस्वीर सार्वजनिक होने और इनाम घोषित किए जाने के बाद उनकी गिरफ्तारी में अहम सुराग मिल सकते हैं.
पुलिस ने लोगों से मांगी सूचना
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी व्यक्ति को फरार आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस अधीक्षक नगर, नगर डीएसपी या गोलमुरी थाना प्रभारी को दें. पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी.


