Adityapur News: आदित्यपुर के मोती नगर में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. बीती रात चोरों ने एक निर्माणाधीन मकान को निशाना बनाया और करीब 70 से 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया. चोरों ने मकान के दरवाजे के कब्जे तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला महंगा सामान लेकर फरार हो गए.
CCTV में कैद हुई चोरी की पूरी घटना
बताया जा रहा है कि चोर सामान को पैदल ही लेकर गए. पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है. घटना के बाद इलाके के लोगों में भी नाराजगी है.
लगातार चोरी से पार्षद नाराज
मोती नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर वार्ड-4 के पार्षद शुभम कुमार पांडे ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद इलाके में चोरी की घटनाएं रुक नहीं रही हैं. इससे लोगों में असुरक्षा का माहौल है. पार्षद ने पुलिस से क्षेत्र में रात की गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है.
कार्रवाई नहीं हुई तो थाना घेरने की चेतावनी
शुभम कुमार पांडे ने कहा कि अगर पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो मोती नगर के लोगों के साथ आदित्यपुर थाना का घेराव किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत नगर निगम के मेयर और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त से भी की जाएगी. इसका उद्देश्य इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कराना है.


