Jairam Mahato Leads: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा में युवाओं की भागीदारी बढ़ी, टाइगर जयराम महतो ने किया माला पहनाकर स्वागत

झारखंड में राजनीतिक चेतना का नया अध्याय लिखने की दिशा में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JKLM) लगातार सक्रिय है। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष और डोंगरी विधायक टाइगर जयराम महतो के नेतृत्व में कोल्हान भर में जनसंपर्क यात्रा चलाई जा रही है, जिसके तहत वह आम जनता की समस्याओं से सीधे रूबरू हो रहे हैं।
इस कड़ी में कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिन्हें टाइगर जयराम महतो ने खुद माला पहनाकर सम्मानित किया। पार्टी की ओर से इसे एक “नए झारखंड की दिशा में पहला बड़ा जनसमर्थन” बताया गया।

पार्टी प्रवक्ता का बयान: “अब दिख रहा उज्ज्वल भविष्य”
पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता ने कहा,
“हमारे सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। 25 वर्षों की निराशा के बाद झारखंड में अब टाइगर जयराम महतो के नेतृत्व में जनता को आशा की किरण दिख रही है।”
“वह रिसर्च और जमीनी हकीकत पर आधारित राजनीति करते हैं, जो आज के समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है।”

अधिकारियों से हुई सकारात्मक चर्चा, जनता से मिल रहा सीधा फीडबैक
विधायक जयराम महतो ने उपायुक्त और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की और तमाम लंबित मामलों पर चर्चा की। उन्होंने संवाद को “सकारात्मक और समाधान की ओर अग्रसर” बताया। कोल्हान के कई जिलों में उनकी यात्रा लगातार जारी है, जहां वे आम लोगों से मिल रहे हैं और जनता से मिल रहे फीडबैक को प्राथमिकता दे रहे हैं।

पेंशन रुकने पर कड़ा विरोध, मुख्यमंत्री से मांगी माफी
विधायक ने कहा,
“राज्य भर में पेंशन योजनाएं बंद हैं। बुजुर्ग, विधवा, विकलांग सभी परेशान हैं। मुख्यमंत्री को जनता से माफी मांगनी चाहिए।”
उन्होंने इसे जन कल्याण के साथ विश्वासघात बताया और कहा कि यदि यही हाल रहा तो लोग जल्द ही सड़कों पर उतरेंगे।

2029 को लेकर तेज़ी से तैयारी, टाटा से जुड़े मुद्दों पर भी उठेगी आवाज़
विधायक महतो ने ऐलान किया कि 2029 के लिए पार्टी ने अभी से रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अगली बार टाटा से जुड़े स्थानीय मामलों और जनहित के सवालों पर भी वे खुलकर आवाज़ उठाएंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पार्टी सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि जन आंदोलन की तैयारी कर रही है।