जमशेदपुर: आदिवासी सिनेमा के सतत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली संस्था ऑल इंडिया संताली फिल्म एसोसिएशन ने एक ऐतिहासिक पहल की है। संस्था द्वारा संताली सिनेमा के आधार स्तंभ रहे स्व. दशरथ हांसदा के योगदान को केंद्र में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पुस्तक “संताली सिनेमा और दशरथ हांसदा” प्रकाशित की जा रही है। यह पुस्तक संताली (ओल चिकी लिपि), हिंदी और अंग्रेज़ी — तीनों भाषाओं में उपलब्ध होगी।
यह विशेष कृति न केवल एक स्मृति दस्तावेज है, बल्कि आदिवासी सिनेमा की यात्रा और संघर्षों का भी दस्तावेज है। दशरथ हांसदा के साथ कार्य कर चुके वरिष्ठ रचनाकारों का योगदान भी इस पुस्तक में विशेष रूप से वर्णित किया गया है।
इस पुस्तक का लोकार्पण 28 जून को ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष और संताल हूल दिवस की पूर्व संध्या पर माइकल जॉन ऑडिटोरियम, जमशेदपुर में आयोजित समारोह के दौरान किया जाएगा। यह आयोजन आदिवासी सांस्कृतिक विरासत और भाषा को सहेजने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।