Gurdwara Committee Election: साकची गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान पद के लिए बुधवार को कार्यकारी प्रधान निशान सिंह ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान उनका जोरदार स्वागत हुआ, समर्थकों की भारी भीड़ “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोष करती रही।
इस मौके पर निशान सिंह ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर सतनाम वाहेगुरू का जाप और चौपाई साहिब का पाठ किया। उन्होंने संगत और गुरु घर का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए चुनाव में अपनी भागीदारी को संगत का प्रतिनिधित्व बताया।
नामांकन कार्यक्रम का संचालन चुनाव संयोजक सतिंदर सिंह रोमी और सह-संयोजक श्याम सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। नामांकन प्रक्रिया के दौरान सिख समाज के कई प्रमुख व्यक्ति भी उपस्थित रहे। निशान सिंह ने कहा कि वे सिर्फ संगत की आवाज़ बनकर मैदान में हैं और संगत का भरोसा ही उनकी ताकत है।
उनके समर्थन में लगभग 400 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें परमजीत सिंह काले, शमशेर सिंह सोनी, खजान सिंह, जसबीर सिंह गांधी, ताज सिंह, मोनी सिंह रंधावा जैसे कई प्रतिष्ठित नाम शामिल रहे।