Goat Theft/जमशेदपुर: शहर के टांगराइन गांव में गुरुवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने स्थानीय लोगों और पुलिस को हिलाकर रख दिया। भाजपा की तख्ती लगी एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार (नंबर JH 05 DL 4743) में सवार चार युवक और एक युवती गांव में बकरी चोरी करने पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने जैसे ही इन्हें बकरी उठाते हुए देखा, उन्होंने बाइक से पीछा करना शुरू कर दिया।पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने हवा में गोलियां चलाईं और तेज रफ्तार में कार भगानी शुरू कर दी।
आरोपी कार को लेकर राजनगर मेन रोड, सुंदरनगर थाना क्षेत्र और करनडीह चौक होते हुए घाघीडीह बस्ती की ओर भागे। भागने की हड़बड़ी में कार के दो टायर निकल गए, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने कार को रिम पर ही लगभग 10 किलोमीटर तक दौड़ाया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कई थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। अब तक सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।