Giridih Road Tragedy: झारखंड के गिरिडीह जिले से शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। कोलडीहा इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने मॉर्निंग वॉक पर निकले तीन नाबालिग स्कूटी सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें एक 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कोलडीहा में दर्दनाक हादसा, कुर्बान अंसारी की गई जान
घटना सुबह कोलडीहा पेट्रोल पंप के समीप हुई, जब पहाड़ीडीह निवासी कुर्बान अंसारी (उम्र 16), अपने दो अन्य साथियों के साथ स्कूटी से मॉर्निंग वॉक के लिए गिरिडीह स्टेडियम जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कुर्बान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कुर्बान को मृत घोषित कर दिया।
शव के साथ सड़क जाम, कोलडीहा में घंटों रहा हंगामा
इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने कुर्बान के शव को कोलडीहा मस्जिद के पास रखकर सड़क पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोग दोषी ट्रक चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवज़ा देने की मांग कर रहे थे।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, लोगों को समझाने का प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद गिरिडीह बीडीओ गणेश रजक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने लोगों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और पुलिस की तैनाती बनी हुई थी।