Drainage Problem Mango: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र के समता नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नालियां विगत दस दिनों से बजबजा रही हैं, जिससे सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है और राहगीरों का चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय महिला रुकमणि देवी दस दिनों से मंदिर नहीं जा पा रही हैं क्योंकि मंदिर जाने वाली सड़क पर बजबजाते नाली का गंदा पानी बह रहा है। इस गंभीर समस्या की शिकायत मानगो नगर निगम से की गई, लेकिन किसी भी स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
समस्या का समाधान न होते देख स्थानीय लोगों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाया। मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने नगर निगम पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मानगो नगर निगम का सिस्टम अब लाइलाज लकवा जैसी बीमारी से ग्रस्त हो चुका है। यह पूरी तरह जवाबदेही से मुक्त हो गया है। नगर निगम के अधिकारी केवल मीडिया में बने रहने और धन संग्रह करने में जुटे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।”
विकास सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि निगम एक ओर तो लोगों को आवश्यक मात्रा में पानी नहीं देता है, दूसरी ओर जो लोग निजी स्तर पर नलकूप लगाना चाहते हैं, उनसे ₹5000 टैक्स के नाम पर वसूला जा रहा है। उन्होंने बजबजाती नाली का वीडियो बनाकर कार्यपालक पदाधिकारी और उपायुक्त को सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
हल्ला बोल कार्यक्रम में विकास सिंह के साथ संदीप शर्मा, संजय सिंह, विजय ठाकुर, प्रियंका कुमारी, कंचन देवी, रूप सिंह, विमला देवी, लीलावती देवी, उर्मिला देवी, सविता देवी, मौसमी देवी, अनीता देवी और तारकेश्वरी देवी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।