CRPF martyr Tribute:झारखंड की राजधानी रांची स्थित सीआरपीएफ 133 बटालियन के शहीद स्मारक उद्यान में शनिवार को शहीद एएसआई सत्यवान कुमार सिंह को पूरे राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवान को अंतिम विदाई दी।मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की और कहा कि राज्य सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

उन्होंने कहा, “शहीद जवान का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। राज्य को उनके जैसे सपूत पर गर्व है।”राज्यपाल ने भी इस दुखद क्षण पर गहरी शोक संवेदना जताते हुए कहा कि सत्यवान सिंह जैसे वीरों की शहादत सदैव याद रखी जाएगी।
गौरतलब है कि चाईबासा जिले के झारखंड-ओडिशा सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ 134वीं बटालियन के एएसआई सत्यवान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उन्हें राउरकेला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।शहीद का पार्थिव शरीर शनिवार को विशेष हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया, जहां अधिकारियों, जवानों और नागरिकों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।