Bhognadih Protest 2025 : हूल दिवस कार्यक्रम को लेकर भोगनाडीह का माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है। शहीद सिदो-कान्हू के छठे वंशज मंडल मुर्मू ने आज विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार और प्रशासन को सीधी चुनौती दी है। उनके साथ भारी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग मैदान में एकत्र हुए। मंडल मुर्मू ने आरोप लगाया कि हूल दिवस पर शहीदों के वंशजों का कार्यक्रम आयोजित नहीं करने दिया जा रहा है, जबकि प्रशासन से पहले सहमति बन चुकी थी।
उन्होंने कहा कि यदि हमारे कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई, तो हम किसी भी सरकारी आयोजन को नहीं होने देंगे। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए और बताया कि बीती रात 11 मजदूरों को—जो पंडाल व टेंट लगाने का कार्य कर रहे थे—पुलिस द्वारा बिना कारण हिरासत में ले लिया गया। “यह प्रशासन का अन्यायपूर्ण रवैया है, मंडल मुर्मू ने कहा। प्रदर्शन स्थल पर विरोध शांतिपूर्ण रहा, लेकिन जनसमूह और बढ़ती नाराजगी के कारण माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अब देखना यह है कि हूल दिवस से पहले सरकार और प्रशासन स्थिति को कैसे संभालते हैं।