JMM Goilkera: गोइलकेरा (पश्चिमी सिंहभूम) से झामुमो खेमे में शोक की खबर सामने आई है, जहां पार्टी के युवा कार्यकर्ता 30 वर्षीय आयुब ओड़िया का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार की सुबह करीब 6 बजे झारखंड की चाईबासा लोकसभा सांसद जोबा माझी गोइलकेरा स्थित क्रिस्तान टोली पहुंचीं और आयुब ओड़िया के अंतिम दर्शन किए।
उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर गहरी संवेदना प्रकट की।सांसद जोबा माझी ने इस मौके पर कहा कि आयुब ओड़िया पार्टी के एक कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता थे। उनकी असामयिक मृत्यु पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी उनके साथ खड़ी है। वहीं, क्षेत्रीय विधायक जगत माझी क्षेत्र से बाहर होने के कारण अंतिम दर्शन में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने भी एक शोक संदेश जारी कर आयुब के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया।
परिजनों ने बताया कि आयुब ओड़िया पिछले दस दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। पहले उनका इलाज चाईबासा में हुआ और बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भुवनेश्वर रेफर किया गया। वहां हालत में कुछ सुधार होने पर वे वापस घर लौट आए थे। लेकिन बुधवार की सुबह अचानक फिर तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें चाईबासा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान दोपहर में उनका निधन हो गया।