Manoj Muntashir: विक्की कौशल की हाल में रिलीज़ हुई फिल्म ‘छावा’ बेशक बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर हिंदी सिनेमा की ब्लॉकबस्टर फिल्मों की सूची में जगह बना ली है।
यह ऐतिहासिक ड्रामा मराठा साम्राज्य के दूसरे शासक छत्रपति संभाजी महाराज की कहानी पर है, जिसमें उन्होंने मुगल शासक औरंगजेब से कड़ा संघर्ष किया था।
फिल्म की रिलीज़ के बाद से औरंगजेब की नीतियों और उसकी क्रूरता को लेकर बहस छिड़ गई है।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के नेता अबू आज़मी ने औरंगजेब की प्रशंसा कर विवाद को और बढ़ा दिया। हालांकि, आलोचना के बाद उन्होंने अपना बयान वापस ले लिया। अब औरंगजेब की कब्र को हटाने को लेकर बहस तेज हो गई है, जिस पर मशहूर लेखक मनोज मुंतशिर ने प्रतिक्रिया दी है।
“औरंगजेब की कब्र पर शौचालय बना दिया जाए”
मनोज मुंतशिर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और अपने विचारों के चलते चर्चा में रहते हैं। औरंगजेब की कब्र को लेकर विवाद बढ़ने पर उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि औरंगजेब की कब्र नहीं हटाई जानी चाहिए, बल्कि उसके ऊपर शौचालय बना दिया जाना चाहिए।
1 मिनट 14 सेकेंड के वीडियो में उन्होंने कहा, “जब हम राम मंदिर बना रहे थे, तब कुछ लोग कह रहे थे कि भगवान हर जगह हैं, फिर मंदिर बनाने की क्या जरूरत? उसी तर्क से मैं सरकार से अनुरोध करता हूं कि औरंगजेब की कब्र को न हटाएं, बल्कि उसके ऊपर शौचालय बनवा दें। आखिर एक हत्यारे के लिए यूरिया और नमक तो हम सनातनी दान कर ही सकते हैं।”
मनोज मुंतशिर का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर लोगों की मिश्रित प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।