Jharkhand: शनिवार को घोषित किया गया कि दिवंगत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी मंत्रिपद की शपथ लेंगी। वह हेमंत कैबिनेट में 1 मंत्री के रूप में शामिल होंगी। इस बात की प्रबल संभावना है कि बेबी देवी को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्रालय सौंपा जाए। अभी पिछले दिनों बेबी देवी अपने बेटे अखिलेश महतो के साथ रांची आई थीं जहां उन्होंने झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन से मुलाकात की थी। तभी से यह कयास लगाए जाने लगे थे कि बेबी देवी को मंत्री बनाया जा सकता है। मंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद बेबी देवी ने एक स्थानीय न्यूज पोर्टल से बातचीत में कहा कि मैं खुश हूं। उन्होंने काम को लेकर प्राथमिकताओं के बाबत पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि उनके दिवंगत पति जगरनाथ महतो जो काम अधूरा छोड़ गए हैं, वह उन्हें पूरा करेंगी। बेबी देवी को अगले कुछ ही महीनों में उपचुनाव में जाना होगा।
अप्रैल में जगरनाथ महतो का निधन हुआ था। शपथ ग्रहण के एक दिन पहले रविवार को बेबी देवी ने ट्वीट किया जिसमें लिखा था कि जनआकांक्षा और अभिभावकों के आशीर्वाद ने स्व. जगरनाथ बाबू को हर क्षण तत्पर रहने की शक्ति दी । हमारे लिए झामुमो परिवार और संगठन विपरीत परिस्थितियों में साथ रहा है। जगरनाथ बाबू से मिले संस्कार और दायित्व को, सभी कसौटियों पर खरा रखने के लिए पुन आप सभी के सहयोग, आशीर्वाद और दुआ की आकांक्षी हूं।
हेमंत सोरेन कैबिनेट में बेबी देवी दूसरी शख्स होंगी जो विधायक बनने से पहले ही मंत्रिपद की शपथ लेंगी। इससे पहले दिवंगत हाजी हुसैन अंसारी के बेटे हफीजुल हसन अंसारी ने भी विधायक बनने से पहले मंत्रिपद की शपथ ली थी। पूर्व अल्पसंख्यक कल्याण, युवा, खेलकूद, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन के बाद उनके बेटे हफीजुल हसन अंसारी को मंत्री बनाया गया था। बाद में मधुपुर उपचुनाव में हफीजुल हसन अंसारी जीते अब अगले 6 महीने में डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होगा।
झारखंड समाचार पर नवीनतम अद्यतन झारखंड समाचार पोर्टल, TheSocialBharat.com के माध्यम से प्राप्त करें। झारखंड के विकास पर निरंतर समाचार कवरेज और समय पर अपडेट के साथ सूचित रहें। जमशेदपुर की ताजा खबरों से अपडेट रहें और हमारे प्लेटफॉर्म पर व्यापक समाचार कवरेज तक पहुंचें। जमशेदपुर न्यूज़ अपडेट्स के साथ जुड़े रहें और इस क्षेत्र से नवीनतम अपडेट प्राप्त करने से कभी न चूकें।