Saraikela News: चांडिल डकैती कांड का खुलासा, 24 लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद, दो गिरफ्तार

Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार में आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण

Facebook
X
WhatsApp

Saraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल बाजार में आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के घर हुई डकैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर करीब 24 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है.

हथियार के बल पर परिवार को बनाया था बंधक

पुलिस के अनुसार, 9-10 अक्टूबर की मध्यरात्रि चांडिल बस स्टैंड के पास रहने वाले पूर्व आभूषण व्यवसायी सुरेश चौधरी के घर में अपराधियों ने धावा बोला था. हथियार के बल पर परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिए गए थे.

घटना के बाद चांडिल थाना में मामला दर्ज किया गया था. वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया.

चांडिल और धनबाद से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में चांडिल थाना क्षेत्र के सुकसारी निवासी राहुल कुमार महतो और धनबाद जिले के बरौरा थाना क्षेत्र के हरिना निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद को गिरफ्तार किया है.

पुलिस के मुताबिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पहले ही पांच अन्य आरोपियों की पहचान की गई थी. इनमें मोहिउद्दीन अंसारी, गुलजार अंसारी, सहादम अंसारी, सोबराती अंसारी और शेख जमील शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों को हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है.

डिलीवरी कर्मी पर रेकी करने का आरोप

जांच में पुलिस को पता चला कि राहुल कुमार महतो एक डिलीवरी कंपनी में काम करता था और घर-घर जाकर सामान पहुंचाता था. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2022-23 में जेल में रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहिउद्दीन अंसारी और सोबराती अंसारी से हुई थी.

आरोप है कि राहुल ने व्यवसायी के घर की पहचान कर अन्य अपराधियों को इसकी जानकारी दी थी. पुलिस को संदेह है कि घर की रेकी करने और वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधियों को बुलाने में भी उसकी भूमिका थी.

स्वर्णकार के पास से मिले लूटे गए आभूषण

पुलिस ने लूटे गए आभूषणों को खरीदने के आरोप में धनबाद निवासी स्वर्णकार त्रिवेणी प्रसाद को गिरफ्तार किया. उसकी निशानदेही पर कई कीमती सामान बरामद किए गए.

बरामद सामान में 5,142 ग्राम गला हुआ चांदी, 80 ग्राम गला हुआ सोना, ब्रिटिशकालीन चांदी के 32 सिक्के और ब्रेसलेट में जड़े 11 छोटे पत्थर शामिल हैं. इसके अलावा पीपल के पत्ते के आकार के दो चांदी के आभूषण और अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस ने दो मोबाइल फोन और एक हीरो होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की है. बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई गई है.

छापेमारी दल में कई पुलिस अधिकारी शामिल

इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक दूसरू बानसिंह, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुआ, चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी, तिरुलडीह थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा और कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे.

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है.

TAGS
digitalwithsandip.com