Saraikela: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड से दुखद खबर सामने आई है. सोड़ो पंचायत के मुखिया नयन सिंह मुंडा का सोमवार को निधन हो गया. वह 48 वर्ष के थे. तामुलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से सोड़ो पंचायत और आसपास के इलाकों में शोक की लहर है.
तीन दिनों से अस्पताल में चल रहा था इलाज
रिपोर्ट के अनुसार, नयन सिंह मुंडा की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें करीब तीन दिन पहले ब्रह्मानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों ने उन्हें लीवर और किडनी से संबंधित बीमारी होने की जानकारी दी थी. सोमवार को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.
पंचायत चुनाव में निभाई अहम भूमिका
नयन सिंह मुंडा लंबे समय से पंचायत की राजनीति में सक्रिय थे. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, झारखंड गठन के बाद वर्ष 2010 में हुए पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वह सोड़ो पंचायत के मुखिया निर्वाचित हुए थे.
बाद में महिला आरक्षण के कारण उनकी पत्नी सुभाषिनी देवी मुखिया बनीं. वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में नयन सिंह मुंडा दोबारा सोड़ो पंचायत के मुखिया चुने गए. वहीं, उनकी पत्नी सुभाषिनी देवी ईचागढ़ पूर्वी से जिला परिषद सदस्य निर्वाचित हुई थीं.
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
नयन सिंह मुंडा के निधन पर प्रखंड प्रमुख गुरुपद मार्डी, उप प्रमुख दीपक कुमार साहू सहित कई पंचायत प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने दुख जताया.
स्थानीय लोगों के बीच मिलनसार स्वभाव और सामाजिक जुड़ाव के लिए पहचाने जाने वाले नयन सिंह मुंडा के निधन को पंचायत क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया जा रहा है.
क्षेत्र में शोक का माहौल
मुखिया के निधन की खबर के बाद उनके परिवार, परिचितों और समर्थकों में शोक का माहौल है. लोग दिवंगत नयन सिंह मुंडा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.


