Lohardaga Crime News: लोहरदगा के कैरो थाना क्षेत्र में पुलिस ने हथियारों की खरीद-बिक्री के मामले में कार्रवाई की है. पुलिस ने दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 17 वर्षीय एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने एक देशी दोनाली कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की है.
चेरिमा मोड़ पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि चेरिमा में दो लोग हथियार और गोली लेकर घूम रहे हैं. एसपी सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर कैरो थाना प्रभारी रविरंजन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई. टीम ने चेरिमा मोड़ के पास लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल से आ रहे दो लोगों को देखा. पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें पकड़ लिया.
नाबालिग की कमर से मिला कट्टा
पकड़े गए लोगों की पहचान चेरिमा निवासी राम प्रवेश सिंह (24) और 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई. तलाशी के दौरान नाबालिग की कमर से दो ट्रिगर वाला सिल्वर रंग का देशी दोनाली कट्टा मिला. वहीं, राम प्रवेश सिंह की पैंट की जेब से तीन जिंदा कारतूस और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ. पुलिस ने हथियार समेत सभी सामान जब्त कर लिया.
रांची के युवक पर हथियार देने का आरोप
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने बताया कि हथियार रांची जिले के नरकोपी थाना क्षेत्र के करगे गांव निवासी सुनील साहू (22) ने बिक्री के लिए दिया था. इसके बाद पुलिस ने सुनील साहू को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उसने भी हथियार बिक्री के लिए देने की बात स्वीकार की.
दोनों वयस्क आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, राम प्रवेश सिंह और सुनील साहू के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं, नाबालिग को न्यायालय में पेश कर रिमांड होम भेजा जा रहा है. मामले की आगे जांच जारी है. कार्रवाई में कैरो थाना प्रभारी रविरंजन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार मुर्मू, सहायक अवर निरीक्षक रंजन कुमार सिंह, तकनीकी शाखा के अमरनाथ पाण्डेय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.


