Seraikela News: राजनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर जंगल में अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. बुधवार को पुलिस ने जंगल में चल रही शराब की भट्ठियों पर छापेमारी की. यह अभियान थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में चलाया गया. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जंगल में अवैध तरीके से महुआ शराब तैयार की जा रही है.
250 किलो जावा महुआ किया नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस को शराब बनाने की कई भट्ठियां मिलीं. पुलिस ने शराब तैयार करने के लिए रखा करीब 250 किलो जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया. इसके अलावा अवैध शराब की भट्ठियों को भी ध्वस्त किया गया. शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन और अन्य सामान को भी नष्ट कर दिया गया.
पुलिस की दबिश से फरार हुआ संचालक
कार्रवाई के दौरान पुलिस को आता देख अवैध शराब भट्ठियों का संचालक मौके से फरार हो गया. बताया गया कि उसने घने जंगल का फायदा उठाया और वहां से भाग निकला. पुलिस अब उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है.
अवैध कारोबार पर जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने कहा कि इलाके में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.


