Jamshedpur News: जमशेदपुर में खासमहल-गोविंदपुर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग को लेकर भाजपा परसुडीह मंडल की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. रविवार को आयोजित अभियान में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लेकर सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग का समर्थन किया. भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा के नेतृत्व में चांदनी चौक, त्रिवेणी टॉवर चौक और मकदमपुर रेलवे फाटक चौक पर अभियान चलाया गया. आयोजकों के अनुसार, करीब 3,500 लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दर्ज कराया.
18.40 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क
भाजपा नेता राम सिंह मुंडा ने कहा कि खासमहल-गोविंदपुर सड़क करीब 18 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण लंबे समय से अधूरा है. इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों, राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है. राम सिंह मुंडा ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का पालन करने की मांग की. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी तरह की लापरवाही या अनियमितता होने पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी.
निर्माण जल्द पूरा करने की मांग
भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि हस्ताक्षर अभियान के जरिए लोगों की मांग को सामने रखा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अभियान में स्थानीय लोगों का जिस तरह समर्थन मिला, उससे पता चलता है कि क्षेत्र के लोग सड़क निर्माण पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं. सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि संबंधित विभाग और प्रशासन को सड़क निर्माण में तेजी लानी चाहिए. साथ ही काम निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने तक भाजपा परसुडीह मंडल शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगा.
रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का होता है आवागमन
खासमहल-गोविंदपुर सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं. निर्माण कार्य में देरी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. भाजपा की ओर से सड़क निर्माण जल्द पूरा कराने के साथ काम में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की गई है.


