Kodarma Child Death: कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित इरगोबाद से 13 दिसंबर से लापता 3 वर्षीय सैफ अली का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया है। बच्चे का पिता शमशेर आलम ने बताया कि उनका पुत्र 13 दिसंबर की संध्या करीब 4 बजे घर से थोड़ी दूरी पर अचानक लापता हो गया था। बच्चे के लापता होने के बाद परिजन ने जयनगर थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया था और व्यापक खोजबीन की गई, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया, जो लगातार बच्चे की खोजबीन में जुटी थी। इसी दौरान मंगलवार को इरगोबाद की कुछ महिलाएं नदी किनारे लकड़ियां चुनने गई थीं, जहां उन्हें एक बच्चे की खोपड़ी दिखाई दी। उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और मौके पर सैफ अली के परिजन भी पहुंचे।
खोपड़ी के पास से बरामद कपड़ों से सैफ अली की शिनाख्त हुई। शमशेर आलम ने बताया कि जो कपड़ा उनका बच्चा 13 दिसंबर को पहने हुए था, वही बरामद हुआ है। उन्होंने कहा कि यह कपड़ा कुछ ही दिन पहले ऑनलाइन मंगवाया गया था, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह शव उनके पुत्र का ही है।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। प्रारंभिक रूप से शव के क्षत-विक्षत होने से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि किसी जंगली जानवर ने बच्चे पर हमला किया हो। वहीं पुलिस हत्या के बिंदुओं पर भी जांच कर रही है और पूरे मामले की गहन छानबीन जारी है।
कोडरमा एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि उन्हें बच्चे के शव बरामद होने की सूचना मिली है और मौके पर टीम भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू पर ध्यान दिया जा रहा है और दोषियों की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


