Vedic Study Drive: जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा है कि अब समय आ गया है जब लोग वेदों का अध्ययन और अनुशीलन करें, ताकि ऋषि-मुनियों की परंपरा को पुष्पित-पल्लवित किया जा सके। वे साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी के तट पर नगर विकास विभाग के मद से निर्मित वेद अध्ययन अनुशीलन शेड के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
वेद अनुशीलन केंद्र से जागरूकता फैलाने का लक्ष्य
सरयू राय ने कहा कि वेदों में क्या लिखा है और हमारी संस्कृति तथा सनातन धर्म की मूल भावना क्या है, इसे लोगों को समझाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि धर्मरक्षिणी पौरोहित्य महासंघ के सम्मानित विद्वान इस केंद्र में आने वाले लोगों को शिक्षित और दीक्षित करेंगे। केंद्र के माध्यम से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार पर बल दिया जाएगा।
संस्कृति और धर्म पर संवाद की जरूरत
अपने संबोधन में सरयू राय ने कहा कि धर्म को लेकर देश-दुनिया में जो परिस्थितियां हैं, उन्हें देखते हुए अब आवश्यक है कि हम अपनी संस्कृति और परंपराओं पर खुलकर बात करें। उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्र का अधिक से अधिक प्रचार किया जाए, ताकि ज्यादा लोग वेदों को जानने, समझने और पढ़ने के लिए यहां आएं।
व्यवस्था में कमी दूर करने का भरोसा
विधायक ने आश्वासन दिया कि वेद अनुशीलन के कार्य में यदि किसी भी प्रकार की व्यवस्थागत कमी आती है, तो वे स्वयं उसका संज्ञान लेकर सुधार करेंगे। उन्होंने इसे एक “पुनीत कार्य” बताते हुए कहा कि जितना हम अपने वेदों को आगे बढ़ाएंगे, समाज के लिए उतना ही बेहतर होगा।
समारोह में कई गणमान्य उपस्थित
इस मौके पर धर्मरक्षिणी पौरोहित्य महासंघ के अध्यक्ष बिपीन झा, सचिव उमेश कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष सुधीर झा, विवेक पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ झुन्ना, धर्मेंद्र प्रसाद, सत्येंद्र पांडेय, राज सिंह समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।