Jamshedpur Magic Show: जादू और कल्पना की दुनिया में जब सच और भ्रम का अंतर मिटता है, तब मंच पर उतरते हैं जादूगर सिकन्दर। विश्वविख्यात जादूगर सिकन्दर ने गुरुवार को जमशेदपुर के प्रतिष्ठित बंगाल क्लब में अपने बहुप्रतीक्षित जादुई शो का भव्य शुभारंभ किया।
तीसरी बार जमशेदपुर आए जादूगर सिकन्दर ने अपनी प्रस्तुति की शुरुआत भावनात्मक अंदाज़ में की, जिसमें उन्होंने विश्वशांति और मित्रता का संदेश दिया और मंच पर तिरंगा लहराकर देशप्रेम की मिसाल पेश की। इस क्षण ने शो को सिर्फ एक मनोरंजन कार्यक्रम नहीं‚ बल्कि समाजिक संदेशों से भरपूर एक प्रेरणादायक आयोजन बना दिया।
हैरतअंगेज़ जादू‚ जिसे देख स्तब्ध रह गया शहर
शो की शुरुआत से ही दर्शकों में उत्साह की लहर थी, और जब सिकन्दर ने मंच संभाला‚ तो हर आंख उन्हीं पर टिक गई। अदृश्य होना, हवा में उड़ती मानव आकृति, रहस्यमयी ‘बरमूडा इफेक्ट’, मंच पर उभरते डायनासोर और जादू परियों जैसे दृश्य — हर एक्ट ने दर्शकों को रोमांच और विस्मय से भर दिया।
उनकी संवाद शैली भी खास थी — वो मंच से ही दर्शकों के साथ लगातार जुड़ते रहे, जिससे एक आत्मीयता बनी रही।
स्थानीय जादूगरों ने किया सम्मानित‚ मंच पर दिखी भारतीय जादू परंपरा की गरिमा
इस जादुई संध्या को और भी विशेष बना दिया जब जमशेदपुर और रांची के स्थानीय जादूगर मंच पर पहुंचे और उन्होंने सिकन्दर को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। इसे भारतीय जादू परंपरा के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया गया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार, क्लब के उपाध्यक्ष देवाशीष, सचिव ओमो सेन, जादूगर किंगशुक और विजय वर्मा भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा, “यह शो केवल जादू नहीं, यह समाज के लिए एक प्रेरणा और सकारात्मक संदेश है।”
भविष्य में भी जारी रहेगी ‘जादू यात्रा’
कार्यक्रम का संचालन अत्यंत कुशलता और पेशेवर अंदाज़ में हुआ। दर्शकों की भागीदारी ने शो को और भी जीवंत बना दिया। आयोजकों ने बताया कि जादूगर सिकन्दर की यह ‘जादू यात्रा’ आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगी, जिसमें हर वर्ग के लोगों को सम्मोहित करने वाली प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी।