Rotary Medical Mission: रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट और श्रीमद राजचंद्र अस्पताल का एनीमिया जागरूकता और उपचार अभियान घम्हरिया |
10 जुलाई 2025 रोटरी इंटरनेशनल के प्रमुख सेवा क्षेत्रों में से एनीमिया रोग की रोकथाम और उपचार को ध्यान में रखते हुए, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट ने श्रीमद राजचंद्र हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के साथ मिलकर एनीमिया (खून की कमी) के खिलाफ एक विशेष अभियान शुरू किया है।
यह मिशन 1 जुलाई 2025 से शुरू हुआ है और अब तक लगभग 2000 लोगों की जाँच की जा चुकी है, जिनमें औद्योगिक क्षेत्र के कामगार और स्कूली बच्चे शामिल हैं। जिन लोगों में एनीमिया की पुष्टि हुई, उन्हें तीन महीने की दवा और इलाज मुफ्त में दिया जा रहा है।

इसी क्रम में आज, 10 जुलाई को, प्रिसीजन कप्स प्राइवेट लिमिटेड, घम्हरिया के परिसर में पाँचवां स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में 102 लोगों की जाँच की गई, जिनमें से 30 कामगारों में एनीमिया की समस्या पाई गई। अब इन सभी को नियमित दवा और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अभियान को सफलतापूर्वक संचालित करने वाली रोटरी टीम में शामिल हैं:
रोटे. डॉ. विद्या तिवारी
रोटे. स्पा. वर्षा गांधी
रोटे. नमन अग्रवाल, सचिव
रोटे. सो. के. पी. तिवारी
रोटे. हर्षद गांधी
तथा अन्य रोटेरियंस
इस जानकारी को रोटरी जमशेदपुर वेस्ट के प्रेसिडेंट रोटे. अशोक झा ने साझा किया और सभी सहयोगियों और चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही रोटरी क्लब जमशेदपुर वेस्ट की ओर से एक मोबाइल कैंसर जांच वाहन की शुरुआत की जाएगी, जो जमशेदपुर के आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में जाकर सेवा प्रदान करेगा।

यह संयुक्त प्रयास रोटरी के उस संकल्प को दर्शाता है, जिसमें वह समाज के हर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।