Ranchi railway women facility :रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची मंडल कार्यालय परिसर में महिला कर्मचारियों की सुविधा और सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए एक नए और सुसज्जित भोजन कक्ष ‘मैत्री’ का उद्घाटन किया गया। इस खास अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री जसमीत सिंह बिन्द्रा और दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) की अध्यक्षा श्रीमती मोना बिन्द्रा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।‘मैत्री’ भोजन कक्ष महिला कर्मचारियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण में भोजन करने की सुविधा देगा।
इसमें लगभग 20 महिलाओं के बैठने की व्यवस्था है, साथ ही एक छोटी रसोई और वॉशरूम की भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह कक्ष सर्वो रांची के सहयोग से निर्मित किया गया है और उसी के निर्देशन में इसका संचालन भी किया जाएगा।श्रीमती मोना बिन्द्रा ने बताया कि यह पहल महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर एक सकारात्मक और मित्रतापूर्ण वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस शुभ अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शुचि सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक विनोद कुमार, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) साकेत कुमार सहित अन्य अधिकारी और सर्वो रांची की उपाध्यक्ष अजिता रानी, सचिव रश्मि पिप्पल समेत कई सदस्याएं मौजूद रहीं।