Kharsawan Janata Darbar : खरसावां (सरायकेला-खरसावां): झारखंड सरकार की योजनाएं गाँव के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से खरसावां प्रखंड अंतर्गत जोरडीहा पंचायत सभागार में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्घाटन खरसावां विधायक प्रतिनिधि अनूप सिंह देव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि हर कल्याणकारी योजना का लाभ ग्राम स्तर तक पहुँचे। चाहे मौसम कैसा भी हो – आंधी, बारिश या तूफान – विकास की गति नहीं रुकनी चाहिए।
जनता दरबार में स्वास्थ्य विभाग की विस्तृत जानकारी दी गई और ग्रामीणों को स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ा गया। साथ ही पशुपालन, कृषि, शिक्षा, वन विभाग व पंचायत से जुड़े अधिकारियों ने भी विभागीय सेवाओं की जानकारी दी।शिविर में खरसावां प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत समिति सदस्य, स्थानीय मुखिया, पूर्व मुखिया, वार्ड सदस्य एवं सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह आयोजन झारखंड के प्रत्येक पंचायत में हो रहे ऐसे शिविरों की श्रृंखला का हिस्सा है।