Seraikela: कांड्रा-सरायकेला मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे अवैध पार्किंग करने वालों पर अब यातायात पुलिस सख्ती करेगी. भारी वाहनों की बढ़ती आवाजाही और सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है. यातायात थाना प्रभारी राजू कुमार ने कहा है कि सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों को किसी भी हाल में नहीं छोड़ा जाएगा.
भारी वाहनों की पार्किंग से बढ़ रही परेशानी
कांड्रा से सरायकेला तक मुख्य सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है. इस मार्ग पर कई कंपनियां भी हैं, जहां सामान लोड और अनलोड करने के लिए बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं.
कई बार वाहन चालक सड़क के किनारे ही भारी वाहन खड़ा कर देते हैं. इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित होता है और हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है. आम लोगों को भी ऐसे वाहनों की वजह से परेशानी का सामना करना पड़ता है.
पूरे मार्ग पर लगेंगे नो पार्किंग बोर्ड
यातायात थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए कार्रवाई की जा रही है.
औद्योगिक इकाइयों के भारी वाहन हों या आम लोगों के वाहन, मुख्य सड़क पर अवैध पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. नियम को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए कांड्रा-सरायकेला मार्ग पर जगह-जगह ‘नो पार्किंग’ के बोर्ड लगाए जा रहे हैं.
माइकिंग से भी लोगों को किया जा रहा जागरूक
पुलिस सिर्फ कार्रवाई ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को जागरूक भी कर रही है. इसके लिए माइकिंग और दूसरे प्रचार माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है. वाहन चालकों से सुरक्षित जगह पर पार्किंग करने की अपील की जा रही है.
इसके बाद भी नियम तोड़ने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना लगाया जा रहा है. यातायात थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है. जरूरत पड़ने पर आगे और कड़े कदम भी उठाए जाएंगे.


