Burmamines Parking Protest: जमशेदपुर के बर्मामाइंस स्थित कंपनी पार्किंग में मंगलवार को जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के बैनर तले ड्राइवरों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पार्किंग गेट को जाम कर दिया। इस जाम के कारण ट्रेलरों और अन्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई, जिससे इलाके में लंबा जाम लग गया।
ड्राइवरों का कहना है कि पार्किंग के नाम पर उनसे कैश में अनियमित शुल्क वसूला जा रहा है। यूनियन अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने बताया कि ड्राइवरों पर मेडिकल जांच के नाम पर 250 रुपए देने का दबाव बनाया जाता है, जबकि यह किसी भी सरकारी नियम के तहत अनिवार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल टेस्ट के दौरान ड्राइवरों के शरीर से आवश्यकता से अधिक खून भी लिया जाता है, जिससे उनकी सेहत पर प्रभाव पड़ता है।
जयकिशोर सिंह के अनुसार, बर्मामाइंस पार्किंग से लगभग सात से आठ हजार ड्राइवर हर दिन टाटा कंपनी के माल की ढुलाई का कार्य करते हैं। इन सभी से अवैध रूप से नकद में पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि अधिकांश ड्राइवरों की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। यूनियन ने इसे ड्राइवरों का शोषण बताते हुए तुरंत रोकने की मांग की है।
यूनियन ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक ड्राइवरों के साथ हो रही कथित अवैध वसूली बंद नहीं होती और उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक यह गेट जाम आंदोलन जारी रहेगा। जयकिशोर सिंह ने कहा कि वे सरकारी विभागों से भी हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं, ताकि इस वसूली को रोकने और ड्राइवरों को राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।


