Women Culture Run: जमशेदपुर में पहली बार महिलाओं ने हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देने और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से साड़ी पहनकर ‘रन फॉर रन’ का आयोजन किया। इस विशेष पहल का आयोजन डीबीएमएस कॉलेज, जमशेदपुर की ओर से किया गया, जिसमें शहर की विभिन्न वर्गों की महिलाओं और युवतियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार, इस रन फॉर रन का मुख्य उद्देश्य हिंदू संस्कृति को प्रोत्साहित करना और महिलाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न की घटनाओं पर लगाम लगाने का संदेश देना था। प्रतिभागियों का कहना था कि वर्तमान समय में महिलाएं अपनी पारंपरिक संस्कृति से दूर होती जा रही हैं और साड़ी जैसी पारंपरिक वेशभूषा धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है, जिसे पुनर्जीवित करना आवश्यक है।
रविवार सुबह कदमा स्थित लिंक रोड से करीब तीन किलोमीटर की इस दौड़ का आयोजन किया गया। ठंड के बावजूद सैकड़ों महिलाएं साड़ी पहनकर पूरे उत्साह के साथ इस रन में शामिल हुईं। दौड़ के दौरान महिलाओं ने न सिर्फ शारीरिक फिटनेस का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती से सामने रखा।
प्रतिभागी महिलाओं ने कहा कि साड़ी केवल पहनावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मसम्मान, पहचान और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने संदेश दिया कि महिलाएं साड़ी पहनकर भी हर कार्य कर सकती हैं और यह धारणा गलत है कि पारंपरिक पहनावे से महिलाएं सीमित हो जाती हैं।
महिलाओं का मानना है कि जब वे अपनी संस्कृति और पहचान को मजबूती से अपनाएंगी, तो समाज में उनके प्रति सम्मान भी बढ़ेगा और उत्पीड़न जैसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा। साथ ही, इस तरह के आयोजनों से आने वाली युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति को समझेगी और उससे जुड़ाव महसूस करेगी। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।


