West Singhbhum Crime News: पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में नवजात की मौत का मामला सामने आया है. आरोप है कि मां ने सात दिन के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर दलदली इलाके में दफना दिया. बच्चे के अचानक गायब होने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ. सोमवार को गांव में ग्रामसभा बुलाई गई. पूछताछ के दौरान महिला ने नवजात की हत्या करने की बात स्वीकार की.
ग्रामसभा में खुला मामला
विशेष ग्रामसभा गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई. ग्रामीणों ने महिला से बच्चे के गायब होने को लेकर पूछताछ की. आरोप है कि पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि 26 सितंबर की सुबह उसने नवजात की गला दबाकर हत्या की थी. इसके बाद शव को पुटीसाल के सुनसान दलदली इलाके में दफना दिया.
ग्रामीणों ने दलदल से शव निकाला
महिला के बताये स्थान पर ग्रामीण उसे लेकर पुटीसाल पहुंचे. वहां खुदाई कर नवजात का शव बरामद किया गया. ग्रामीणों के अनुसार, शव बरामद करने के बाद उसे वहीं दोबारा दफना दिया गया. घटना को लेकर गांव में काफी आक्रोश है. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया.
22 सितंबर को हुआ था बच्चे का जन्म
जानकारी के अनुसार, महिला के घर 22 सितंबर को नवजात का जन्म हुआ था. आरोप है कि चार दिन बाद 26 सितंबर को उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद महिला कुछ दिनों के लिए गांव से बाहर चली गई थी. बच्चे के गायब होने पर ग्रामीणों को शक हुआ कि उसे कहीं बेच दिया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस गांव पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों और मामले से जुड़े लोगों से जानकारी ली. पुलिस के अनुसार, अभी परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नवजात की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा.


