Seraikela News: आदित्यपुर और गम्हरिया में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट है. गुरुवार को आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के एशिया भवन में प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की बैठक हुई. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह और एसपी मनोज स्वर्गीयरी ने बैठक में तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.
श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार करने का निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि शाम के समय पूजा पंडालों में भारी भीड़ जुटने की संभावना है. ऐसे में पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी श्रद्धालुओं के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करें. उन्होंने पंडालों में अग्निशमन व्यवस्था, बिजली सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के इंतजामों की मौके पर जांच करने को कहा.
विसर्जन से पहले वाहनों की होगी जांच
उपायुक्त ने बताया कि चिन्हित विसर्जन घाटों पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं. विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट की जांच होगी. चालकों की भी जांच की जाएगी, ताकि नशे की हालत में कोई वाहन न चलाए. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील की. साथ ही, रील बनाने के दौरान जोखिम नहीं लेने की सलाह दी.
800 अतिरिक्त जवान संभालेंगे सुरक्षा
एसपी मनोज स्वर्गीयरी के अनुसार, आदित्यपुर और गम्हरिया में शांति व्यवस्था और यातायात सुचारू रखने के लिए 800 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पूजा पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी. चेन स्नैचिंग, मोबाइल चोरी और छेड़खानी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे. एसपी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. बैठक में डीडीसी रीना हांसदा, एसडीओ अभिनव प्रकाश, एसडीसी जयवर्धन कुमार और यातायात प्रभारी राजू समेत जिले के कई अधिकारी और सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे.


