Latehar Crime News: लातेहार के बालूमाथ इलाके में हथियार लहराकर लोगों को डराने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से एक देसी सिक्सर (रिवॉल्वर) और एक धारदार चाकू मिला है. एसपी कुमार गौरव के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की. दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
गुप्त सूचना पर गांव में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को एसपी को सूचना मिली थी कि बालूमाथ थाना क्षेत्र के चेताग गांव में कुछ लोग अवैध हथियार लहराकर आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं. इससे इलाके में डर का माहौल बनने की जानकारी मिली थी. सूचना के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापामारी दल बनाया गया.
घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा
पुलिस टीम ने चेताग गांव में घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया. उनकी पहचान धनंजय कुमार पांडेय और तालेश्वर कुमार ठाकुर के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी सिक्सर और एक धारदार चाकू बरामद किया गया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की.


