Kolhan Shutdown Impact: जमशेदपुर में बुधवार सुबह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विभिन्न आदिवासी संगठनों द्वारा बुलाए गए कोल्हान बंद का असर दिखाई देने लगा है। शहर के मानगो बस स्टैंड से खुलने वाली रांची, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल और चाईबासा जाने वाली सभी लंबी दूरी की बसें सुबह से ही खड़ी हैं। बंदी के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मानगो बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ जुटी रही, लेकिन किसी भी बस के प्रस्थान नहीं करने से लोग घंटों इंतजार करते नजर आए। कई यात्री जरूरी काम से रांची और उड़ीसा के लिए निकलना चाहते थे, परंतु बंदी के कारण उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी।
सरायकेला और चाईबासा के बाद अब जमशेदपुर में भी बंद समर्थक धीरे-धीरे सड़कों पर उतरने लगे हैं। हालांकि, शहर में आदर्श आचार संहिता लागू होने के चलते प्रशासन ने बंद समर्थकों को सड़क पर उतरने से रोक रखा है। पुलिस बल विभिन्न प्रमुख स्थलों पर तैनात है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
प्रशासन और बस संचालकों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया कि शाम 6 बजे के बाद मानगो बस स्टैंड से सभी लंबी दूरी की बसें अपने गंतव्य स्थानों के लिए रवाना होंगी। इससे यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सुरक्षा बलों की निगरानी में बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर व्यवस्था बनाए रखी गई है। प्रशासन का कहना है कि बंद शांतिपूर्ण रहे, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी जारी है।


