Kharsawan News: सरायकेला-खरसावां में दुर्गापूजा से पहले अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर खरसावां थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया. अभियान के दौरान 19 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. वहीं शराब बनाने के लिए तैयार रखा करीब 2100 किलो जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
बरजूडीह और गांगुडीह में छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में विभाग की टीम ने बरजूडीह और गांगुडीह में कार्रवाई की. जांच के दौरान दोनों जगहों पर अवैध तरीके से चुलाई शराब तैयार किए जाने का मामला सामने आया. टीम ने दोनों भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया. साथ ही शराब बनाने के लिए रखा गया जावा महुआ नष्ट कर दिया गया.
संचालकों के खिलाफ केस की तैयारी
उत्पाद विभाग अब अवैध शराब के इस कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान में जुटा है. भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है.
दुर्गापूजा तक जारी रहेगा अभियान
दुर्गापूजा को देखते हुए प्रशासन ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं अवैध शराब से जुड़ी गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना उत्पाद विभाग या स्थानीय प्रशासन को दें.


