Jamshedpur Crime News: जमशेदपुर की कदमा पुलिस ने कथित हत्या की साजिश को नाकाम करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. वहीं, एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, 19 जिंदा गोलियां और एक मोबाइल बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक, आदित्यपुर निवासी विक्की नंदी को निशाना बनाने की योजना थी. इसके पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है.
फार्म एरिया में जुटे थे युवक
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फार्म एरिया में कुछ युवक हथियार लेकर जुटे हैं. आशंका थी कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं. सूचना मिलते ही कदमा पुलिस ने फार्म एरिया रोड नंबर 14 के पास छापेमारी की. इस दौरान तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया.
हथियार और गोलियां बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो देसी पिस्टल, 19 जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन जब्त किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, विक्की नंदी की हत्या की योजना पुरानी रंजिश के कारण बनाई गई थी. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, विक्की नंदी पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. कदमा में एक व्यक्ति की हत्या करवाने के आरोप समेत अन्य थानों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की बात सामने आई है.


