Gamharia: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत डूडरा पंचायत में एक दिव्यांग व्यक्ति को सरकारी कल्याणकारी योजना के तहत इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल दी गई. लंबे समय से इसका इंतजार कर रहे लाभुक को ट्राईसाइकिल मिलने से चेहरे पर खुशी लौट आई. अब उन्हें रोजमर्रा के कई जरूरी कामों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
ट्राईसाइकिल मिलने से बढ़ेगी आत्मनिर्भरता
लाभुक ने बताया कि वह पिछले काफी समय से इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल मिलने का इंतजार कर रहे थे. इसके मिलने से उनकी दैनिक गतिविधियां आसान हो जाएंगी और आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी.
उन्होंने इस सहायता के लिए झारखंड सरकार, आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी और अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार के प्रति आभार जताया.
आवेदन के आधार पर दिव्यांगों को मिल रही सुविधा
आदित्यपुर की सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने बताया कि विभाग को इस बार केवल दो इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्राप्त हुई थीं. इनके लिए संबंधित लाभुकों ने करीब डेढ़ से दो साल पहले आवेदन किया था.
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों से ट्राईसाइकिल और व्हीलचेयर के लिए मिले आवेदनों के आधार पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लाभुकों के बीच ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया.
नई ट्राईसाइकिल मिलने पर अन्य लाभुकों को भी मिलेगा लाभ
सीडीपीओ ने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल में बैटरी, चार्जर समेत जरूरी सिस्टम इनबिल्ट हैं. इसकी मदद से दिव्यांगजन खुद ट्राईसाइकिल चलाकर अपने रोजमर्रा के काम आसानी से कर सकेंगे.
उन्होंने बताया कि विभाग को अभी और भी कई आवेदन प्राप्त हुए हैं. जरूरतमंदों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इनकी मांग वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है. विभाग को नई ट्राईसाइकिल मिलते ही अन्य पात्र दिव्यांगजनों को भी इसका लाभ देने का प्रयास किया जाएगा.


